मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल (Bhopal) में दिवाली की रात आग लगने की तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। घोड़ा नक्कास में एक बिल्डिंग की दुकान में भीषण आग लग गई। आग और धुएं के बीच तीसरी मंजिल पर एक परिवार के तीन सदस्य फंस गए। इस दौरान स्थानीय युवकों ने सूझबूझ दिखाते हुए करीब 40 फीट की ऊंचाई से रस्सी की मदद से तीनों का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
वहीं, गांधीनगर एयरपोर्ट रोड स्थित ग्रीन वे कॉलोनी के एक फ्लैट में दीये से पर्दों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने घर के दूसरे हिस्सों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में नकदी, सोने-चांदी के जेवर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और घरेलू सामान समेत करीब 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ।
तीसरी घटना में लाल मस्जिद के पास रफीकिया स्कूल के नजदीक कचरे के ढेर में आग लग गई। तीनों घटनाओं में दमकल की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
घोड़ा नक्कास में बिल्डिंग की दुकान में लगी भीषण आग
भोपाल के घोड़ा नक्कास इलाके में कुंदन नमकीन के सामने स्थित एक बिल्डिंग की दुकान में आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मी आग बुझाने में जुट गए। आग की लपटों और धुएं के कारण आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, सुपारी सेंटर के संचालक प्रेम मंगानी, जो 12 नंबर क्षेत्र के निवासी हैं, शाम करीब 7 बजे दुकान में पूजा-अर्चना करने के बाद उसे बंद कर घर चले गए थे। इसके बाद दुकान में आग लग गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से में रहने वाले परिवार के तीन सदस्य तीसरी मंजिल पर फंस गए।
40 फीट की ऊंचाई से रस्सी के सहारे तीन लोगों का रेस्क्यू
आग और धुएं के बीच तीसरी मंजिल पर फंसे परिवार के तीन सदस्यों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया था। इसी दौरान स्थानीय युवकों ने साहस और सूझबूझ का परिचय दिया।
युवकों ने रस्सी की मदद से करीब 40 फीट की ऊंचाई पर फंसे तीनों लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा। स्थानीय लोगों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और तीनों की जान बच गई।
इस घटना में दुकान में रखे सामान और आसपास के हिस्सों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों और कुल आर्थिक नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
गांधीनगर की ग्रीन वे कॉलोनी में दीये से लगी आग, 25 लाख का नुकसान
भोपाल के गांधीनगर एयरपोर्ट रोड स्थित ग्रीन वे कॉलोनी में भी दिवाली की रात आग लगने की घटना हुई। यहां एक फ्लैट में पूजा के बाद जलाए गए दीये से पर्दों में आग लग गई। इसके बाद आग तेजी से घर के अन्य हिस्सों में फैल गई।
फायर फाइटर पंकज यादव के मुताबिक, घर में लक्ष्मी पूजन के बाद दीये जलाए गए थे। इसी दौरान पर्दों में आग लगी और देखते ही देखते घर का सामान जलने लगा।
हादसे के समय परिवार घर पर मौजूद नहीं था। परिवार लक्ष्मी पूजन के बाद रिश्तेदारों से मिलने गया हुआ था। सूचना मिलने पर दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस अग्निकांड में करीब 25 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। आग में घर में रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, फर्नीचर, कपड़े, किचन का सामान और सोने-चांदी के जेवर जल गए। घर में रखी नकदी भी आग की चपेट में आ गई।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
लाल मस्जिद के पास कचरे के ढेर में लगी आग
भोपाल में आग लगने की तीसरी घटना लाल मस्जिद के पास रफीकिया स्कूल के नजदीक सामने आई। यहां एक गली में जमा कचरे के ढेर में रात करीब 11 बजे आग लग गई।
जानकारी के अनुसार, कचरे के ढेर में फ्रिज का वेस्ट मटेरियल भी पड़ा हुआ था। इसी दौरान उसमें आग लग गई। आग की सूचना मिलने पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।
दमकलकर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
दिवाली पर आग से बचाव के लिए बरतें ये सावधानियां
भोपाल में दिवाली की रात हुई इन तीन घटनाओं ने एक बार फिर घरों और दुकानों में अग्नि सुरक्षा के इंतजामों की जरूरत को सामने रखा है। खासकर दीपक और मोमबत्ती जलाते समय पर्दों, कपड़ों और ज्वलनशील सामान से पर्याप्त दूरी रखना जरूरी है।
