Bhopal Crime News: भोपाल के अवधपुरी की श्रीराम कॉलोनी में दिनदहाड़े घर में घुसे दो बदमाशों ने 71 वर्षीय मोहन चौधरी पर हथौड़ी से हमला कर दिया। घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे की है।

घर में दाखिल हुए बदमाशों को देखा तो बुजुर्ग मोहन ने विरोध किया। इसके बाद बदमाशों ने उनके सिर पर वार कर दिया और भाग गए। गंभीर चोट लगने पर उन्हें एम्स में भर्ती कराया है। उनके सिर में 45 टांके आए हैं। पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, केयरटेकर मोहन की पत्नी को नहला रही थी, तभी दोनों संदिग्ध घर में दाखिल हुए। रहवासियों के मुताबिक, बदमाशों ने पहले कमला को बांध दिया था। विरोध करने पर मोहन के सिर पर हथौड़ी से हमला किया। इसके बाद वे भाग गए। फर्श और गैलरी में खून के निशान मिले हैं।

घटना से नाराज लोगों ने शुक्रवार की शाम थाने का घेराव किया पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए। कॉलोनी में पुख्ता सुरक्षा इंतजारों को लेकर पुलिस से मांग की।

लूट, आपसी और प्रॉपर्टी विवाद के एंगल से जांच

अवधपुरी टीआई सुरेश मीना के मुताबिक, वारदात की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। घायल मोहन ने अपने बयानों में यह स्पष्ट नहीं किया है कि आरोपी लूट के इरादे से घर में घुसे थे। पुलिस लूट के प्रयास, आपसी विवाद और प्रॉपर्टी विवाद समेत अन्य एंगल से जांच कर रही है। बदमाश घर से कितना सामान ले गए हैं, इसका भी अभी स्पष्ट पता नहीं चला है।

पुलिस बेटे, केयरटेकर और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है। आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों की तलाश के लिए दो टीमें लगाई गई हैं।

केयरटेकर का मोबाइल जब्त, कॉल डिटेल की जांच

रहवासियों के मुताबिक, बदमाश मेन गेट से अंदर दाखिल हुए तो उनका सामना केयरटेकर से हुआ। घटना के समय कमला मोहन की पत्नी को नहला रही थी और फोन पर बात कर रही थी। पुलिस ने उसका मोबाइल जब्त कर लिया है। कॉल डिटेल और घटना के समय की गतिविधियों की जांच की जा रही है। केयरटेकर की भूमिका को भी जांच के दायरे में रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *